दीपावली पर डेढ़ दर्जन गांवों  मे ब्लेक आऊट,
पिछले 45 दिनों से जला पड़ा सब स्टेशन सेमलीजदीद का ट्रांसफॉर्मर,
कोई मतलब नहीं निकला अधिकारियों को सूचित करने का

इछावर, 27 अक्टूबर 2019
एमपी मीडिया पाइंट 

इछावर के सेमलीजदीद सब स्टेशन से जुड़े करीब डेढ़ दर्जन गांव अंधकार मे डूबे हुए हैं। आज जब समूचे देश मे रोशनी का त्योहार दीपावली हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है तब यहां के ग्रामीण अंधकार को खुद के लिए दुर्भावनापूर्ण बता रहे हैं।
उनका कहना है कि विद्युत विभाग के आला अफसरों को भी हमने उक्त समस्या से अवगत कराया लेकिन कोई मतलब नहीं निकला और अब अंधेरे मे दीपावली मनाने की नौबत आ गई।


ग्रामीण जगदीश प्रसाद,कैलाशचंद्र वर्मा,बद्रीप्रसाद वर्मा, रामस्वरूप,भोजराज,अमृतलाल,दिनेश,सुरेश आदि ने बताया कि करीब 45 दिनों से सब स्टेशन सेमलीजदीद का ट्रांसफॉर्मर जला पड़ा है जिसकी वजह से ग्राम सेमलीजदीद,खेजड़ा,ढबलामाता,मोगरा,पांगरा,मोहनपुर नोआबाद,राजपुरा,टांकपुरा,मुआड़ा,रामगढ़,पांगरी जंगल,काहिरी,शिकारपुर,धामनखेड़ा आदि गांवों मे अंधकार छाया हुआ है।

              कैलाशचंद्र वर्मा, सेमलीजदीद
                बद्रीप्रसाद वर्मा, सेमलीजदीद

ऐसा नहीं कि हमने अपनी उक्त समस्या से विद्युत विभाग के आला अफसरों को अवगत नहीं कराया लेकिन उन्होंने हमारी समस्या को महज आश्वासन देकर टाल दिया। विभाग ने ट्रांसफॉर्मर ना बदलते हुए वैकल्पिक तौर पर बरखेड़ी,लसूड़ियाकांगर,इछावर से लाईट से जोड़‍ा लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ क्योंकि इतना कम वोल्टेज रहता है कि ट्यूबलाईट तक नहीं उठ पाती। कम वोल्टेज के साथ 5 मिनट लाइट आती है और 15 मिनट गायब रहती है।

ग्रामीण बताते हैं कि आज 27 अक्टूबर को जब समूचा देश जगमगाहट लिए रोशनी का त्योहार दीपावली हर्षोल्लास के साथ मना रहा है तब हमारा क्षेत्र अंधकार मे डूबा रोशनी के लिए तरस रहा है। जो बेहद निंदनीय और अफसोसजनक है। ग्रामीणों ने बताया कि हमारी उक्त समस्या का निदान सीएएम हेल्पलाइन से भी नहीं हो पाया। आखिर अब कहां गुहार लगाएं!
Share To:

Post A Comment: