कांकरखेड़ा मे दो और भाऊँखेड़ी मे छह ट्रांसफॉर्मर जले,
कांकरखेड़ा मे दस और भाऊँखेड़ी मे तीन दिन से ब्लेक आऊट

राजेश बनासिया,भाऊँखेड़ी                                   एमपी मीडिया पाइंट

तहसील के ग्राम कांकरखेड़ा मे पिछले 10 दिन से ब्लेक आऊट की स्थिति बनी हुई है। लाईट नहीं होने की वजह से ग्रामीणों का सामान्य जीवन अस्तव्यस्त हो गया है वहीं तहसील के ग्राम भाऊँखेड़ी मे भी तीन दिनों से लाइट लापता है। दोनों गांव मे विद्युत ट्रांसफॉर्मर जल गए हैं जिन्हें बदलने मे विद्युत कंपनी वाले लगातार आनाकानी कर उपभोक्ताओं को परेशान किए हुए हैं।

इछावर तहसील के ग्राम कांकरखेड़ा मे लाईट नहीं रहने के कारण काफी परेशान हैं।ग्राम कांकरखेड़ा निवासी नारायण सिंह वर्मा, दुर्गाप्रसाद वर्मा,राजेन्द्र वर्मा,राकेश वर्मा,मनोज वर्मा,जितेन्द्र चंद्रवंशी,मिश्रीलाल,बाबूलाल,ठाकुर प्रसाद वर्मा आदि ने बताया कि गांव मे तीन ट्रांसफॉर्मर हैं जिनमें से दो ट्रांसफॉर्मरों से विद्युत प्रदाय किया जाता था। दोनों ही ट्रांसफॉर्मर किन्हीं कारणों से जल गए। विद्युत कंपनी के कर्मचारी उन्हें उठाकर तो ले गए लेकिन दूसरा ट्रांसफॉर्मर नहीं रख पाए इसी वजह से गांव मे लाईट नहीं है।

ग्रामीणों ने बताया कि लाईट नहीं रहने के कारण वह काफी परेशान हैं। आटा-चक्की बंद है और गेहूं पिसाने उन्हें भाऊँखेड़ी गांव जाना पड़ रहा है। मोबाइल तक चार्ज नहीं हो पा रहे। ग्रामीण बताते हैं कि विद्युत कंपनी के अधिकारियों को लाईट की समस्या से अवगत कराया लेकिन उन्होंने इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया। गांव वाले परेशान हैं कि आखिर अब कहां जाए।

इछावर ब्लाक के गाँवों में इस समय ट्रांसफार्मर जलने के सिलसिला लगातार जारी है पिछले दस दिनों से ग्राम कांकरखेड़ा में ब्लैक आऊट की स्थिति बनी है तो वही आज भाऊँखेड़ी ग्राम में भी लगभग पूरे गाँव मे ब्लैक आऊट की स्थिति उत्पन्न हो गई है क्योंकि पिछले हप्ते हुई बारिश में तेज गर्जना से ग्राम के चार ट्रांसफार्मर जल गए थे उक्त ट्रांसफार्मर जलने से गाँव के अन्य ट्रांसफार्मरों पर लोगो ने तार डाल लिए जिससे इन ट्रांसफार्मर पर लोड बढ़ने से दो दिन पहले बस स्टैंड स्थित ट्रांसफार्मर भी स्वाहा हो गया जिससे आधे गाँव मे बिजली सप्लाई बन्द हो गई है।
शुक्रवार को विद्युत कंपनी के कर्मचारी चले तो गांव मे चालु हालत के तीन ट्रांसफॉर्मरों को भी बंद कर गए। उनका कहना है कि यह ट्रांसफॉर्मर भी जल जाते क्योंकि इन ट्रांसफॉर्मरों पर लोड ज्यादा बड़ गया था।

अब भाऊँखेड़ी के हालात यह हैं कि 6 ट्रांसफॉर्मर जले पड़े हैं और 3 ट्रांसफॉर्मर कंपनी ने बंद कर दिए जिससे पूरे ही गांव मे अंधकार छा गया। गांव वालों कहना है कि खराब ट्रांसफॉर्मर के स्थान पर नए ट्रांसफॉर्मर शीघ्र लगाते हुए दोनों गांवों को ब्लेक आऊट की स्थिति से छुटकारा दिलाया जाए।
Share To:

Post A Comment: