सीहोर/आष्टा, एमपी मीडिया पाइंट
सीहोर जिला अब कोरोनायुक्त हो चुका है इसका केन्द्र फिलहाल आष्टा बना हुआ है जहां चार दिन के अंदर आधा दर्जन कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। यह संख्या अब लगातार बढ़ती रहे तो कोई आश्चर्य की बात नहीं क्योंकि लोग भी लाकडाउन के नियमों का ठीक से पालन नहीं कर पा रहे हैं। ऐसा नहीं कि आष्टा मे ही उल्लंघन हो रहा, बल्कि समूचा सीहोर जिला "उल्लंघन" की चपेट मे है। आष्टा से तो सिर्फ़ शुरुआत है। आरंभ मे जिस कढ़ाई से प्रशासन ने लाकडाउन का परिपालन कराया था वह सख्ती भी अब दिखाई नहीं दे रही। "पाजीटिव" की बढ़ती संख्या को लेकर यह भी एक कारण के रुप मे सामने आ रही है।सीएमएचओ डॉ सुधीर डेहरिया ने जानकारी दी कि आष्टा निवासी तीन महिलाओं सहित एक युवक की कोरोना जांच रिपोर्ट आज पॉजिटिव प्राप्त हुई है। जिले में वर्तमान में कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या 6 है जिसमें से एक पॉजिटिव मरीज का उपचार इंदौर में चल रहा है वहीं 2 युवकों और 3 महिलाओं को उपचार के लिए कोविड केयर सेंटर में भर्ती किया गया है। आज कुल सेंपल जांच के लिए भोपाल भेजे गए जिसमें से आष्टा के 24, नसरुल्लागंज के 10 और इछावर के 2 सेंपल शामिल हैं। जिले में कुल कंटेंमेंट एरिया 4 हैं जिसमें दो आष्टा में 1 बिलकिसगंज में तथा 1 इंदिरा नगर सीहोर शामिल है।
आष्टा में कंटेंमेंट तथा बफर एरिया में सर्वे के लिए 10 दल लगाए गए हैं। शनिवार को आष्टा के कंटेंमेंट एरिया में 4 सर्वे दलों द्वारा 23 घरों का सर्वे कर 108 व्यक्तियों से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की गई है वहीं बफर जोन में 6 सर्वे दलों द्वारा 62 घरों का सर्वे कर 306 व्यक्तियों से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की गई।
जिले में अन्य देशों से सीहोर पहुंचे कुल व्यक्तियों की संख्या 232 है जिनमें से 184 लोगों की अब तक स्क्रीनिंग स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जा चुकी है। पिछले 24 घंटों के दौरान 176 ऐसे व्यक्तियों की पहचान की गई जो अन्य राज्यों और अन्य जिलों से लौटे थे इन सभी व्यक्तियों की तत्काल स्क्रीनिंग कर इन्हें होम कोरेंटाईन कर दिया गया है जिले में अब तक होम कोरेंटाईन किए गए व्यक्तियों की संख्या 43171 है।
कोरोना संक्रमितों की संख्या को काबू करने के लिए प्रशासन का सख्त रवैया अब बेहद जरुरी हो गया है। वर्तमान परिदृश्य से तो सीहोर जिले मे लगता ही नहीं कि यहां लाकडाउन कायम है। वैसे भी संतरे का सीजन चल रहा है तो जोन भी नारंगी क्यों न हो!!


Post A Comment: