पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने शिवराज को डरपोक सीएम बताया कहा- जिस दिन मंत्रिमंडल विस्तार हुआ उसी दिन ढह जाएगी शिवराज सरकार

भोपाल, एमपी मीडिया पाइंट 

 मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार के मंत्रिमंडल के विस्तार में हो रही देरी को लेकर मध्यप्रदेश कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधना शुरू कर दिया है। 
मीडिया से मुखातिब हुए प्रदेश के पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने तो सीएम शिवराज को डरपोक सीएम बताकर नया बखेड़ा शुरू कर दिया है। पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा ने कहा कि मध्य प्रदेश के डरपोक सीएम शिवराज सिंह चौहान में अब तो मंत्रिमंडल विस्तार करने की भी हिम्मत नहीं बची है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर सीएम चौहान को कोई डर नहीं है तो फिर आखिरकार मंत्रिमंडल विस्तार में इतनी देरी क्यों हो रही है। सज्जन वर्मा ने यह भी कहा कि जिस दिन सीएम शिवराज सिंह चौहान मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे , उसी दिन भाजपा की शिवराज सरकार मध्यप्रदेश में गिर जाएगी। गौरतलब है कि 2 दिन पहले ही भाजपा की अहम बैठक के बाद सीएम शिवराज सिंह चौहान ने खुद ऐलान किया था कि मंत्री मंडल का विस्तार जल्द से जल्द होगा। मंत्री बनने वाले के नामों की फाइनल लिस्ट लेकर सीएम चौहान दिल्ली भी जाने वाले थे, लेकिन अचानक उनका दिल्ली दौरा रद्द हो जाने के बाद मध्य प्रदेश की सियासत में अटकलों का दौर शुरू हो गया था। राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक मध्य प्रदेश की खाली हुई 24 विधानसभा सीटों पर होने वाले उप चुनावों से पहले शिवराज मंत्रिमंडल का विस्तार जरूरी है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक मंत्री पद के दावेदारों में भाजपा और सिंधिया समर्थकों की तादाद ज्यादा होने के कारण भाजपा को यह डर सताने लगा है कि जिस भी कद्दावर नेता का नाम मंत्रिमंडल के नए विस्तार में शामिल नहीं हुआ तो कहीं इसका खामियाजा विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को ना भुगतना पड़े। गौरतलब है कि इसके पहले भी मध्य प्रदेश की राज्यसभा की 3 सीटों के लिए चुनाव को लेकर भी शिवराज मंत्रिमंडल का विस्तार कई बार डालना पड़ गया था।
Share To:

Post A Comment: