बारिश में खेतों में पहुंचने तक होती थी परेशान, ग्रामीणों ने चंदा कर बनाया रोड
सीहोर, एमपी मीडिया पाइंट 
 ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी कच्ची सड़कों को लेकर ग्रामीण परेशान हैं और शासन द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिया जाता है, जिससे परेशान ग्रामीण आपस में चंदा कर सड़क बनाने मजबूर हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गृह जिले और पूर्व मंत्री करण सिंह वर्मा के विधानसभा क्षेत्र के ग्राम धबोटी के ग्रामीण रोड बनवाने के लिए कई बार प्रशासन को आवेदन दिया गया है। बावजूद इसके रोड बनाने के लिए बजट स्वीकृत नहीं किया जा रहा है। जबकि सड़क न बनने से ग्रामीणों को निकलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीण कई सालों से सड़क बनाने के लिए मांग कर रहे हैं। बावजूद इसके ध्यान नहीं दिया जा रहा है। गांव के उप सरपंच ईश्वर ठाकुर ने बताया कि रोड नहीं होने से बारिश होते ही रोड कीचड़ में तब्दील हो जाती है, जिससे आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है, लेकिन शासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। जिसके कारण ग्रामीणों ने अपने खेतों में जाने के लिए रोड बनाए जाने के लिए करीब एक लाख से अधिक की राशि चंदा कर करीब एक किलोमीटर का मार्ग बनाए जाने का फैसला लिया है।
उन्होंने बताया कि ग्राम धबोटी में रहने वाले दर्जनों ऐसे किसान हैं, जो खरीफ के सीजन में बोवनी तो कर लेते है, लेकिन फसलों के लिए कीटनाशक समेत उनकी उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए अन्य दवाएं वे इसलिए नहीं डाल पाते, क्योंकि बरसात के मौसम में रास्ता दलदल में तब्दील हो जाता है। विगत कई वर्षो से यहां के किसान खरीफ की फसल का लाभ नहीं ले पा रहे है। एक तरफ तो सरकार गांवों के विकास की बात कर रही है और अन्नदाताओं की मदद करने का दावा कर रहे है, लेकिन आज भी क्षेत्र में अनेक रास्ते बारिश में तब्दील हो जाते है। जिससे किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
Share To:

Post A Comment: