लोकसभा निर्वाचन को लेकर कलेक्टर ने दिए राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्देश
धारा 144 के तहत आदेश जारी
सीहोर, एमपी मीडिया पाइंट
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गणेश शंकर मिश्रा ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों निर्वाचन आयोग द्वारा जारी किए गए आवश्यक दिशा निर्देशों की जानकारी दी। बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि राजनैतिक प्रचार-प्रसार में धर्म, जाति अथवा किसी व्यक्ति के चरित्र पर आधारित बातें करना नियम विरुद्ध है। सभी राजनैतिक दल इस बात का विशेष ध्यान रखेंगे कि उनके द्वारा आदर्श आचार संहिता का प्रत्यक्ष या अपत्यक्ष रूप से उल्लंघन न हो। पुलिस अधीक्षक श्री शशीन्द्र चौहान ने बैठक में कहा कि पुलिस के सायबर सेल द्वारा प्रदेश व जिला स्तर पर सोशल मीडिया पर निगरानी रखी जा रही है। इस वजह से सभी को फेसबुक, व्हाटसप और ट्वीटर का उपयोग सावधानी से करना होगा। बैठक में अपर कलेक्टर विनोद कुमार चतुर्वेदी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी रावीव रंजन पाण्डेय सहित राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।लोकसभा आम निर्वाचन 2019 के लिए अभ्यर्थी एवं उनके समर्थकों को चुनाव प्रचार के लिए वाहन के उपयोग की अनुमति संबंधित अनुविभागीय दण्डाधिकारी अधिकारी द्वारा प्रदान की जाएगी तथा वाहनों के उपयोग की अनुमति की जानकारी जिला निर्वाचन कार्यालय को भेजना होगा। सभी राजनैतिक दलों, अभ्यर्थियों एवं व्यक्तियों को प्रचार वाहन के लिए प्राप्त की गई अनुमति वाहन के आगे के कांच पर लगाना अनिवार्य होगा। सभी राजनैतिक दलों, अभ्यर्थियों एवं व्यक्तियों को प्रचार के लिए हेलीकाप्टर के लिए हैलीपेड निर्माण/हेलीकाप्टर उतारने की अनुमति संबंधित अनुविभागीय दण्डाधिकारी से लाना अनिवार्य होगा। वाहनों/हेलीकाप्टर के उपयोग से संबंधित समस्त अभिलेख निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संधारित करना होगा। वीडियो वेन के लिए अनुमति मुख्य निर्वाचन अधिकारी भोपाल से प्राप्त करनी होगी। प्रचार-प्रसार में पशुओं व बच्चों का उपयोग नहीं किया जा सकता है।
टोल फ्री नंबर 1950 पर कॉल करके निर्वाचन संबंधी शिकायत दर्ज एवं जानकारी प्राप्त की जा सकती है। जिले में सामान्य नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जा चुका है जिसका दूरभाष नंबर 07562-226470 है साथ ही शिकायत के लिए भी नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है जिसका दूरभाष नंबर 07562-222988 है। कोई भी व्यक्ति उक्त नंबरों पर फोन कर निर्वाचन संबंधी शिकायत दर्ज करा सकता है एवं निर्वाचन संबंधी जानकारी भी प्राप्त कर सकता है। Cvigil एप्प पर भी आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत दर्ज कराई जा सकेगी।


Post A Comment: