लाहौर (ईएमएस)। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में गेहूं का भाव बढ़ कर 1,375 पाक रुपए प्रति मन (40 किलो) हो गया है। 20 किलो आटा 808 रुपए में मिल रहा है। गेहूं और आटे के आधिकारिक भाव में बढ़ोतरी को प्रधानमंत्री आवास में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में मंजूरी दी गई है। पंजाब कैबिनेट नए भाव को अगले सप्ताह औपचारिक मंजूरी दे सकती है, जबकि सरकार ईद के त्योहार के बाद आटा मिलों को नई दर पर गेहूं उपलब्ध कराएगी।
सूत्रों के अनुसार बैठक के दौरान पंजाब के उद्योग सचिव गेहूं का समर्थन मूल्य 1,300 रुपए प्रति मन बनाए रखने के प्रस्ताव के पक्ष में अविश्वसनीय आंकड़े दे रहे थे, क्योंकि वह अपने इस दावे की पुष्टि नहीं कर पाए कि इससे रोटी और नान की कीमतें क्रमश: एक रुपए बढ़ जाएंगी। पंजाब के मुख्य सचिव युसुफ नसीम खोखर ने कहा कि गेहूं का भाव 1,300 रुपए प्रति मन उचित नहीं है। इससे काफी अनुदान देने की जरूरत होगी। इससे तस्करी को भी बढ़ावा मिलेगा। लिहाजा, 1,375 रुपए प्रति मन उचित भाव है।
बैठक में शामिल अधिकारियों को यह भी बताया गया कि खुले बाजार में गेहूं के भाव 1,390 रुपए से लेकर 1,430 रुपए प्रति मन के बीच उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है, जबकि आटे का औसत मूल्य 790 रुपए प्रति 20 किलो है। ज्ञात हो कि भारत में सरकारी एजेंसियों ने फसल वर्ष 2018-19 (जुलाई-जून) में उत्पादित गेहूं न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 1,840 रुपए प्रति क्विंटल पर किसानों से खरीदा है। वहीं, भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) ने दो अगस्त 2019 को जारी टेंडर नोटिस में ओपन मार्केट सेल्स स्कीम (ओएमएमएस) के तहत गेहूं की बिक्री के लिए रिजर्व प्राइस 2,080 रुपए प्रति क्विंटल रखा है।


Post A Comment: