(बीजिंग) कोरोना वायरस के बाद चीन में फैला ब्यूबोनिक प्लेग,...
बीजिंग 29 सितंबर, चीन में कोरोना वायरस के बाद अब ब्यूबोनिक प्लेग फैल गया है , जिसकी वजह से देश के दक्षिणी - पश्चिमी हिस्से में आपातकाल लगा दिया गया है । बताया जाता है कि एक तीन साल का बच्चा प्लेग की चपेट में आ गया है । यह बच्चा चीन के यून्नान प्रांत के मेंघाई काउंटी का रहने वाला है । चीन में पिछले सप्ताह प्लेग के फैलने का मामला सामने आया था लेकिन इसकी पुष्टि रविवार को हुई । प्लेग से संक्रमित बच्चे की हालत स्थिर बताई जा रही है । इस घटना के बाद चीनी प्रशासन ने इलाके में चौथे स्तर का आपातकाल घोषित कर दिया है । प्रशासन की कोशिश है कि कोरोना वायरस की तरह से एक और महामारी न फैले इसके लिए यह आपातकाल घोषित किया गया है । इससे पहले यून्नान में ही प्लेग से संक्रमित तीन मरे हुए चूहे मिले थे । मेंघाई के शिडिंग गांव में चूहों के प्रसार का ऐलान किया गया है । इससे पहले अगस्त महीने में उत्तरी मंगोलिया में प्लेग फैलने का मामला सामने आया था । इस केस के सामने आने के बाद देशभर में लेवल 3 के स्तर की चेतावनी जारी कर दी थी । मंगोलिया में भी प्लेग के 22 संदिग्ध मामले सामने आए थे जिसमें से 6 की पुष्टि हुई थी । बता दें कि ब्यूबोनिक प्लेग बैक्टीरिया संक्रमण के कारण होता है और यह जानलेवा हो सकता है । हालांकि इसके लिए लिए एंटिबायॉटिक मौजूद हैं । लेवल 3 की चेतावनी के बाद प्लेग फैलाने वाले जानवरों के खाने पर रोक लगा दी जाती है । साथ ही लोगों से कहा जाता है कि प्लेग के लक्षण सामने आने पर तत्काल इसकी सूचना दें । पूरी दुनिया में ब्यूबोनिक प्लेग के संक्रमण के अक्सर मामले सामने आते रहते हैं । वर्ष 2017 में मेडागास्कर में ब्यूबोनिक प्लेग के 300 से ज्यादा मामले सामने आए थे । पिछले साल मई महीने में मंगोलिया में ब्यूबोनिक प्लेग से दो लोगों की मौत हो गई थी ।
(ईएमएस)


Post A Comment: