रेखांकन ; उषा किरण
सुन रही हो न ...!!
सुबह-सुबहरसोई से उठती ताज़े नाश्तों की सुगन्ध को चीर
ए सी की लहराती शीत तरंगों और
बाथरूम से उठती मादक सुगन्धों को फ़लाँग ,
पथरीली दीवारों का कलेजा चीर
एक आर्तनाद गूँजता है
तथाकथित पॉश कॉलोनी के
सुगढ़ गलियारों में...
चीख़ कर दरख़्तों से उड़ जाते हैं परिंदे
और भी जर्द हो जाता है अमलतास काँप कर
आलीशान कोठी की मनहूसियत को धकेल
दहशत से चीख़ने लगती हैं ईंटें
मस्तक से बहती रक्त की धार और
सीने में हहराते पीड़ा के सागर को हाथों से दबा ,
जमा हुई सभ्य भीड़ से
याचक सी भीख माँगती हैं दया की
कातर ,सहमी सी आँखें !
-तो क्या हुआ औरत जो तुम पिटीं
सदियों से पिटती ही आई हैं औरतें यूँ ही !
-तो क्या हुआ जो तुम भूखी हो कई दिन से !
- तो क्या हुआ जो एक दिन यूँ ही
अर्थी पर सजने से पहले ही फूँक दी जाओगी !
मत देखो उधर खिड़कियों के पीछे से झांकती
पथराई आँखों और कानों को किसी आशा से
वे सिमटे खड़े हैं वर्जनाओं की परिधियों में जकड़े,
असभ्यता है न किसी की सीमा में अनधिकार चेष्टा ,
और कोई बिना बात क्यूँ बने सरपंच
क्यूँ पड़े किसी के पचड़े मे
सुनो तुम ,बात समझो-
इससे पहले कि बहती पीड़ाओं के कुँड में डूब जाओ
इससे पहले की सीने की आग राख कर दे तुम्हें
टूट जाए साँसों की डोर
या कि होश साथ छोड़ दे
हिम्मत करो,उठो औरत !
ग़ौर से देखो अपने चारों ओर उठी दीवारों को
क़ैद हो जहाँ तुम
शीशे की कमज़ोर सी दीवार ही तो है मात्र
तो मेरी जान !सुनो तुम,यक़ीन करो
आग को पीते जो ,वो कमज़ोर हो ही नहीं सकते
चाहें जो हो
पहला पत्थर तो उठाना होगा तुमको ही
तो उठाओ और पूरे ज़ोर से घुमा कर उछालो
......
तुम सुन रही हो न ...?
—उषा किरण, मेरठ(उत्तर प्रदेश)
रेखांकन ; उषा किरण
--------------------------
परिचय
डॉ० उषा किरण मेरठ उत्तर प्रदेश निवासी हैं।एसोसिएट प्रॉफेसर ,ललित कला विभाग, मेरठ कॉलेज ,मेरठ में कार्यरत हैं।।
-कविता- संग्रह "ताना- बाना” तथा साँझा- संग्रह के रुप में चार पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। अनेक प्रतिष्ठित पत्र- पत्रिकाओं में कहानी,कविता, आलेख प्रकाशित होते रहे हैं।
आप साहित्य के साथ साथ चित्रकला में भी भी पारंगत हैं। अनेक शहरों में आयोजित चित्र प्रदर्शनियों में आपके चित्रों का सफलता पूर्वक प्रदर्शन हो चुका है। आपको साहित्य सहित अन्य क्षेत्रों में भी पुरस्कार और सम्मान प्राप्त होते रहे हैं। आपका एम पी मीडिया पॉइंट पर स्वागत है।



Post A Comment: