मकानों की लड़ाई मे गांव जलते-जलते बचा,
सरहदी बागुड़ को किया आग के हवाले
इछावर, एमपी मीडिया पाइंट
कहावत है कि "पाड़े-पाड़े की लड़ाई मे बागुड़ का नुकसान" लेकिन यहां तो बागुड़ के सांथ-सांथ शुक्रवार को कई मोहल्लों मे जानमाल का नुकसान होते-होते बचा। ग्राम भाऊँखेड़ी मे दो पक्षों के बीच चला आ रहा मकान का विवाद शुक्रवार को उस समय विकराल रुप धारण कर गया जब किसी एक पक्ष द्वारा बागुड़ मे आग लगा दी गई। हवा चलते ही आग तेजी के सांथ फैलने लगी जिसे देख पड़ोसी घर से बाहर निकले और जैसे-तेसे सभी के सहयोग से आग पर काबू पाया जा सका। सूचना के पश्चात इछावर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनो पक्षों को पकड़कर थाने ले आई।
जानकारी अनुसार ग्राम भाऊँखेड़ी निवासी बुलाकी वर्मा और छीतू प्रजापति के बीच मकानों की सरहद को लेकर पुराना विवाद चला आ रहा है। दोनों मकानों के मध्य सीमा रेखा पर बागुड़ लगी हुई थी जिसे शुक्रवार को किसी एक पक्ष के द्वारा आग के हवाले कर दिया गया।
ग्रामीण बताते हैं कि उसी वक्त तेज हवाएं चलने लगी जिससे आग इधर-उधर फैलने लगी। आसपास मौहल्ले के लोग घटना स्थल पर एकत्रित हुए और लोगों के सामुहिक प्रयासों के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि समय रहते यदि आग पर काबू नहीं पाया जाता तो गांव के कई मोहल्ले आग मे जलकर खाक हो जाते। जान-माल का काफी नुकसान होता।
इछावर थाना टीआई अरविंद कुमरे का कहना है कि आगजनी की इस घटना को लेकर दोनों पक्षों से पुलिस पूछताछ कर रही है। किसी तीसरे पक्ष के लिप्त होने की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता। पाए जाने वाले दोषी व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Post A Comment: