नई दिल्ली/ भोपाल                               एमपी मीडिया पॉइंट 

कोरोना की स्थिति से देश और दुनियाँ के हाल बेहाल हैं...। कुछ लोग इसे मीडिया द्वारा खडा किया हउआ समझ रहे हैं। ऐसे लोग जब चीन और इटली के हालात पर गौर करें तो उन्हें कोरोना की भयावहता समझ आ जाएगी। इन्हीं बातों के मद्दे नजर पीएम नरेंद्र मोदी ने फैसला लिया है कि इस नाजुक हालात में देश वासियों को संबोधित कर आगाह किया जाना जरूरी है। वे आज यानि गुरुवार 19 मार्च की रात आठ बजे देश को संबोधित करेंगे। 
भारत में कोरोना वायरस के संक्रमितों की संख्या बढ़कर 175  हो गई है। कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए भारतीय रेलवे ने 168 ट्रेनों को रद कर दिया है। जबकि इसी वजह से हवाई यात्रा सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। नोएडा के साथ ही राजस्थान में धारा 144 लगा दी गई है। भारत ने 36 देशों से आने वाले यात्रियों के भारत में प्रवेश पर अस्थायी रूप से प्रतिबंध लगा दिया है। इस वजह से टुरिज्म के व्यवसाय पर विपरीत प्रभाव पड़ा है। सबसे ज्यादा पॉजिटिव केस वाले महाराष्ट्र के मुंबई में डब्बावालों ने कोरोना वायरस के मद्देनजर 20 मार्च से 31 मार्च तक अपनी सेवाएं बंद कर दी हैं। मुंबई में ही कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए माहिम के सेंट माइकल चर्च पर लोगों के इकट्ठा होने पर 1 अप्रैल तक रोक लगा दी गई है। वहीं नोएडा के सेक्टर 33 में इस्कॉन मंदिर को आज से 31 मार्च तक श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया गया है। 
कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए इलाहाबाद हाई कोर्ट ने कहा है कि कैदियों को सुनवाई के लिए जिला अदालत में न बुलाया जाए। जिला जज सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए करें। 
वहीं मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव  एम. गोपाल रेड्डी ने कहा है कि सभी जिला कलेक्टर नोवल कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने के लिये स्थानीय परिस्थिति और परिवेश के अनुरूप उपाय तथा नवाचार करें। उन्होंने कहा कि इस चुनौती का सामना स्वयं जागरुक रहकर, व्यापक स्तर पर जागरुकता अभियान चलाकर तथा सतत निगरानी रखकर किया जा सकता है। श्री रेड्डी ने कहा कि मैदानी स्तर पर बचाव के उपायों को अपनाने के लिये जनसामान्य को प्रेरित करें। जनसामान्य की परस्पर सहमति से सामाजिक तथा धार्मिक आयोजनों में भीड़ कम रखने के प्रभावी प्रयास करें। 
Share To:

Post A Comment: