कोरोनावायरस (Coronavirus) से दुनिया में सबसे ज़्यादा प्रभावित अमेरिका पर इन दिनों चौतरफ़ा क़ुदरत की मार पड़ रही है. अमेरिका के मिसिसिपी राज्‍य में रविवार को बवंडर आने से कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई है. यहां के आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी (MSEMA) ने वाल्टहॉल काउंटी में एक, लॉरेंस काउंटी में दो और जेफरसन डेविस काउंटी में तीन लोगों की मौत की सूचना दी है, जो सभी राज्य के दक्षिणी हिस्से में हैं. अधिकारियों ने कहा कि रविवार को दक्षिणी अमेरिकी राज्य मिसिसिपी में बादल फटने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई है.

अमेरिकी मीडिया के अनुसार, यह बवंडर 'विनाशकारी" क्षति का कारण बना. जिसके चलते राष्ट्रीय मौसम सेवा (एनडब्ल्यूएस) को बवंडर के कारण आपातकालीन चेतावनी जारी करनी पड़ी ये चेतावनी बवंडर के लिए उच्चतम स्तर चेतावनी होती है. एजेंसी ने ट्वीट किया, ''ये शुरुआती खबरें हैं और जानकारी उपलब्ध होने पर अपडेट जारी होते रहेंगे.''

सैकड़ों मकान क्षतिग्रस्त

दक्षिणी मिसिसिपी के अलावा उत्तरी लुसियाना में भी टॉरनैडो ने क़हर बरपाया. इस इलाक़े में 300 मक़ान क्षतिग्रस्त हो गए. लुसियाना के बड़े इलाक़े में इसके बाद बिजली कट गई है और लोग अंधेरे में दिन काट रहे हैं. राष्ट्रीय मौसम सेवा विभाग ने बताया कि मिसिसिपी के अन्य हिस्सों में तेज हवाएं चलीं और अलबामा राज्य रेखा के पास मेरिडियन के उत्तर में एक बवंडर देखा गया था.

तूफान ने मचाई भारी तबाही

मिसिसिपी के गवर्नर टेट रीवेज ने कहा कि राज्य में कई बवंडर उठे. इसके बाद उन्होंने रविवार रात को आपात स्थिति की घोषणा कर दी. रीवेज ने ट्वीट किया, '' कोई भी ऐसे ईस्टर नहीं मनाना चाहेगा. जैसा कि हम इस 'ईस्टर संडे' को मृत्यु और पुनर्जीवन के तौर पर याद करते हैं,ऐसे में हमें विश्वास है कि हम इस स्थिति से भी एक साथ उबरेंगे."

जिनके घर उजड़े उन सबको सरकारी राहत शिविर में पहुंचाया जा रहा है. कोरोनावायरस के कारण इस काम में भी भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा है क्योंकि शिविर में लोग जाना नहीं चाहते. अधिकारियों ने सबसे शारीरिक दूरी बरतते हुए शिविर में शरण लेने की अपील की है.
साभार
Share To:

Post A Comment: