लद्दाख में चीनी मिलिटरी हेलिकॉप्टरों की घुसपैठ,

भारतीय लड़ाकू विमानों ने चीनी हेलिकॉप्टरों को रोका,

सिक्किम और लद्दाख सीमा पर चीनी सैनिकों की हरकतें तेज़
नई दिल्‍ली: लद्दाख में चीन की दादागिरी देखने को मिली। बीते चौबीस घंटों से भी अधिक समय से चीनी और भारतीय सैनिकों के बीच मामूली झड़पों की खबरें मिल रही हैं। वहीं अब स्थिति असामान्य रूप से तनावपूर्ण बन गई, जब चीनी मिलिट्री हेलिकॉप्टर्स ने भारतीय सीमा में अतिक्रमण की कोशिश की। चीन की गुस्ताखियों का जवाब देने के लिए तत्काल ही भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान मौके पर पहुंचे और उड़ान भर रहे चीनी हेलिकॉप्टरों को रोका गया।

विशेषज्ञ बताते हैं कि चीन सुनियोजित चाल के तहत भारत को परेशान कर रहा है। भारत से लगने वाली चीनी सीमा सिक्किम और लद्दाख में चीनी सैनिकों की हरकतें काफी बढ़ गई है। चीनी सैनिकों और भारतीय जाबांजों के बीच हाथापाई की कई खबरें आई हैं। इन झड़पों में दोनों तरफ के सैनिकों को मामूली चोटें आई हैं।

फिलहाल चीन की हरकतों पर भारत सरकार की तरफ से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। वहीं उच्च स्तर पर चीन की हिमाकत को लेकर जानकारी दी गई है। सिक्किम के नाकु-ला इलाके में बीते पांच मई को चीन के कुछ सैनिकों ने भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश की थी। तब भी भारतीय सेना के कड़े प्रतिरोध के चलते उन्हें पीछे हटना पड़ा था। हालांकि इस पूरी प्रक्रिया में दोनों तरफ के कम से कम एक दर्जन सैनिक घायल हुए थे।

पूर्वी लद्दाख के पैंगोंग लेक में पूरी रात चीनी सैनिकों की हरकतों को लेकर भारतीय सेना परेशान रही। इस इलाके में करीब 200 सैनिक दोनों तरफ से आमने सामने थे। बाद में सेना के उच्चाधिकारियों के दखल के बाद हालात काबू में पाया गया। सिक्किम के उत्तरी हिस्से में नाकु-ला तकरीबन 5,259 मीटर पर स्थित एक दर्रा है जिस पर चीन बहुत पहले से अपना दावा ठोकता रहा है। जिससे भारत हमेशा से इनकार करता रहा है।

चीन की हरकतों पर क्या कहते हैं विशेषज्ञ

चीन के हालिया आक्रामक रवैये पर विशेषज्ञों ने कुछ अलग राय दी है। दरअसल कोरोना वायरस को लेकर दुनियाभर में चीन की घेराबंदी हो रही है। चीन अपने पड़ोसियों को एक तरह से धमका रहा है कि वो अंतरराष्ट्रीय मंच पर चीन का साथ दें। चीन से सबसे अधिक अमेरिका खफा है। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों का दावा है कि कोरोना वायरस चीन के वुहान स्थित प्रयोगशाला से ही लीक हुई है। जिसकी पूरी जिम्मेदारी चीन की बनती है। कुछ लोग तो अमेरिका और चीन के बीच युद्ध की स्थिति की भी आशंका जता रहे हैं।
Share To:

Post A Comment: