बज गया चुनावी बिगुल, 

3 नवंबर को वोटिंग,
चुनाव परिणाम दस नवंबर को


नई दिल्ली, एमपी मीडिया पॉइंट

प्रदेश की 28 विधानसभा सीटों के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने तीन नवंबर को मतदान किये जाने का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही चुनावी रणभेरी बाज चुकी है। अब भाजपा सत्ता बचाए रखने और कांग्रेस सत्ता में वापसी के लिए एड़ी चोटी का जोर लगायेंगी। वहीं बसपा भी कुछ सीटों पर अपनी ताकत दिखाने को कमर कस चुकी है। भाजपा के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया लगातार सभाएं कर रहे हैं। इनमें सांवेर की खाली कुर्सियों वाली सभा खूब चर्चा में रही है। दूसरी तरफ पीसीसी चीफ व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भाजपा की तुलना में कम सभाएं अभी तक कर पाए हैं।
याद दिला दें कि कांग्रेस के 22 विधायक व मंत्रियों ने सिंधिया की अगुवाई में कांग्रेस से बगावत कर भाजपा का दामन थाम लिया था। साथ ही कमलनाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार गिर गई थी। तीन सीटें दो भाजपा और एक कांग्रेस विधायक की मृत्यु के कारण रिक्त हुई थी। बाकी तीन सीट से कांग्रेस के विधायकों ने इस्तीफे देकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। कांग्रेस को सत्ता में वापसी के लिए सभी 28 सीटों पर विजय श्री हासिल करने की कठिन चुनोती होगी तो भाजपा के लिए सत्ता बचाए रखने के लिए केवल नौ सीटें जीत लेना पर्याप्त होगा।

इसके साथ ही चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश,  ओडिशा, गुजरात आदि राज्यों में उपचुनावों के लिए तारीखों का ऐलान कर दिया है। एक लोकसभा और 56 विधानसभा सीटों पर 3 और 7 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। 54 विधानसभा सीटों पर 3 नवंबर को वोट डाले जाएंगे तो बिहार में एक लोकसभा और मणिपुर में दो विधानसभा सीटों पर 7 नवंबर को मतदान होगा।

छत्तीसगढ़, गुजरात, झारखंड, कर्नाटक, नागालैंड, ओडिशा, तेलंगाना और यूपी में 3 नवंबर को वोट डाले जाएंगे और 10 नवंबर को नतीजे घोषित होंगे। बिहार में वाल्मीकि नगर लोकसभा सीट के लिए 7 नवंबर को वोटिंग होगी। चुनाव आयोग ने कहा कि बिहार के एक लोकसभा सीट के अलावा मणिपुर में दो विधानसभा सीटों के लिए भी वोट 7 नवंबर को डाले जाएंगे।

हालांकि, चुनाव आयोग ने असम, केरल, तमिलनाडु, और पश्चिम बंगाल में उपचुनाव के लिए तारीखों का ऐलान नहीं किया है। इन राज्यों के मुख्य सचिवों और मुख्य निर्वाचन अधिकारियों ने चुनाव कराने में कुछ दिक्कतों की बात कही थी।

हाल ही में केंद्रीय चुनाव आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव का ऐलान किया है। बिहार में 243 सीटों के लिए तीन चरणों में वोट डाले जाएंगे। 28 अक्टूबर, 3 और 7 नवंबर को वोट डाले जाएंगे और 10 नवंबर को नतीजों का ऐलान किया जाएगा। कोरोना काल में पहली बार होने जा रहे चुनावों के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने कहा था कि महामारी को देखते हुए विशेष इंतजाम किया गए हैं।

इस बार मतदान के समय को एक घंटे के लिए बढ़ाया गया है। वोटिंग सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगी। कोरोना संक्रमित और संभावति लोग आखिरी समय में वोट डालेंगे। मतदान केंद्रों पर मास्क, हैंड सैनिटाइजर और दस्तानों की व्यवस्था की जाएगी।

Share To:

Post A Comment: