आवास योजना के प्रमाण पत्र देने के बाद भूली नपा, किराए से रह रहे लोगों को नहीं मिला योजना का लाभ

सीहोर,  एमपी मीडिया पाइंट 

प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रमाण पत्र, शहर में किराए के मकान में रह रहे गरीबों को नपा ने प्रदान किए थे, लेकिन चार वर्ष बीत गए इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इसी संदर्भ मे सोमवार को हितग्राही नपा कार्यालय पहुंचे  जहां उन्होंने रोष जताते हुए ज्ञापन सौंपा।

सौंपे गए ज्ञापन में हितग्राहियों ने कहा है कि  चार वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहर में किराए से रहने वाले गरीब मजूदर परिवारों को 2022 तक आवास का लाभ दिया जाएगा। इसके लिए नगर पालिका परिषद सीहोर ने प्रमाण पत्र प्रदान किए थे। लेकिन आजतक इस दिशा मे किसी भी प्रकार की भूमि का चयन नहीं किया गया है और ना ही कोई गतिविधि शुरू की गई है। जबकि निकट ही आष्टा नगर पालिका में उक्त गरीब लोगों के आवास बनकर भी तैयार हो चुके हैं।

 इसी प्रकारण अन्य नगर पालिकाओं में भी काम हुआ है। हमारी ही नगर पालिका में हम गरीबों के लिए कुछ नहीं हुआ। हितग्राहियों ने अपील की है कि उक्त योजना को लागू व क्रियान्वयन कर हमें आवास उपलब्ध कराए जाए। आपको विदित है कि कोरोना महामारी की बजह से गरीबों का रोजगार पूरी तरह से चौपट हो चुके हैं। हम लोग किराया भी चुका पाने में भी असमर्थ हैं। भीषण कर्ज में दबे हुए हैं। यदि हमें आवास उपलब्ध हो जाते हैं तो हमें बहुत ही राहत मिलेगी। कम से कम हमारी अपनी छत तो होगी। मांग करने वालों में लता मालवीय, रजनी विश्वकर्मा, लक्ष्मी सूर्यवंशी, संगीता मालवीय, दिनेश, सोनू, सुशीला बाई, राजेश, नरेंद्र कुमार, लाड़सिंह, धर्मेंद्र आदि हैं।
Share To:

Post A Comment: