विभिन्न कार्यक्रमों मे शिरकत करते हुए प्रभारी मंत्री आरिफ अकील ने सुनी जन समस्याएं
सीहोर 20 नवंबर,2019
एमपी मीडिया पाइंट
गैस त्रासदी, राहत एवं पुर्नवास, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग विभाग मध्यप्रदेश शासन तथा जिले के प्रभारी मंत्री आरिफ अकील बुधवार को सर्वप्रथम सीहोर जिले की बुधनी के ग्राम ग्वाड़िया पुहंचे। जहां उन्होंने आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में जनसुनवाई की। कार्यक्रम के दौरान जनसुनवाई में प्रभारी मंत्री अकील को क्षेत्र के लोगों ने अनेक समस्याओं से अवगत कराया।प्रभारी मंत्री ने लोगों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए। ग्राम गवाड़िया में कबड्डी के लिए मैदान तैयार करवाने के निर्देश प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारी को दिए तथा गवाड़िया स्थिति नर्मदा घाट का जीर्णोद्धार करवाने की बात भी कही। अतिक्रमण संबंधी सभी शिकायतों में प्रभारी मंत्री ने फौरन ही अनुविभागीय अधिकारी बुदनी को जांच कर अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार ग्राम पंचायत पीलीकरार में कार्यक्रम के दौरान विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन एवं दिव्यांग पेंशन से संबंधित प्रकरण, भूमि पट्टा दिलाने, आवास योजना का लाभ दिलाने आदि समस्याएं लेकर आम लोगों ने प्रभारी मंत्री से निराकरण की अपेक्षा की। पीलीकरार निवासी वृद्धा शांताबाई वृद्धावस्था पेंशन की मांग लेकर कार्यक्रम में आईं थी जिस पर प्रभारी मंत्री एवं कलेक्टर ने उन्हें बताया कि अगले महीने से उन्हें पेंशन प्राप्त होने लगेगी।प्रभारी मंत्री श्री अकील द्वारा ग्राम पंचायत बायां में स्टीट लाईट, पुलिया निर्माण, सीसी रोड एवं नाली का लोकार्पण तथा यात्री प्रतिक्षालय एवं मांगलिक भवन का भूमिपूजन किया गया। आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के अनतर्गत बीपीएल सूची में नाम जोड़ने, लाड़ली लक्ष्मी योजना का लाभ दिलाने आदि समस्याएं प्रभारी मंत्री के सम्मुख रखीं गई। सभी प्राप्त आवेदनों को सूचीबद्ध करके संबंधित ग्राम के पंचायत कार्यालय में रखा जाएगा तथा प्रभारी मंत्री के निर्देशानुसार प्रकरणों के निराकरण की समय सीमा तय करके संबंधित व्यक्ति को सूचित किया जाएगा।
प्रभारी मंत्री ने सभी कृषकों को बताया कि सिंचाई के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में दो हिस्सों में प्रतिदिन दस घंटे बिजली प्रदान की जाएगी।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री अकील ने कहा कि क्षेत्र का विकास ही प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है, प्रदेश सरकार एवं प्रशासन सभी के साथ है। प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही आपकी सरकार आपके द्वार योजना एक ऐसी योजना है जिसमें शासन एवं प्रशासन लोगों के गांव व घर पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनते हैं तथा निराकरण करते हैं। इस मौके पर कलेक्टर अजय गुप्ता, पुलिस अधीक्षक शशीन्द्र चौहान, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अरुण कुमार विश्वकर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Post A Comment: