इछावर मे भी शुरु हुई अतिक्रमण के खिलाफ मुहिम,
वार्ड-12 मे कच्चे मकान, झोपड़ियां तोड़ी,
आगे भी जारी रहेगा अतिक्रमण विरोधी अभियान


इछावर 23 दिसंबर,2019
एमपी मीडिया पाइंट
जिला मुख्यालय सीहोर से शुरु हुआ प्रशासन का अतिक्रमण विरोधी अभियान सोमवार को इछावर पहुंच गया। कच्चे मकान और झोपड़ी सहित अवैध फेंसिग हटाई गई। प्रशासन का कहना है कि मुहिम आगे सतत जारी रहेगी।
नगर के वार्ड-12 मे लोगों द्वारा राजस्व भूमि पर कब्जा करते हुए अवैध मकान बना लिए गए थे। भू-माफियाओं द्वारा सरकारी जमीन की लगातार खरीद-फरोख्त की जा रही थी, जिसकी शिकायतें प्रशासन को बराबर मिल रही थी।
इछावर एसडीएम प्रगति वर्मा,तहसीलदार आरएस मरावी राजस्व,पुलिस व नगरपरिषद के अमले सहित वार्ड-12 मे पहुंचे जहां राजस्व विभाग की जमीन पर बने कच्चे मकान,झोपड़ियों को तोड़ने और अवैध तार फेंसिंग हटाए जाने की कार्रवाई को अंजाम दिया गया। जिन लोगों द्वारा पक्के निर्माण कराए गए उन्हें हटाने का नोटिस दिया गया।
तहसीलदार आरएस मरावी ने बताया कि सोमवार को 09 लोगों के अतिक्रमण हटाए गए और उक्त अभियान आगे भी सतत रुप से जारी रहेगा।
गौरतलब है कि इछावर के वार्ड क्रमांक- 12 मे लोगों द्वारा सरकार की बेशकीमती जमीन पर अवैध रुप से कब्जा किया हुआ है। राजस्व एवं नगरपरिषद की जमीन पर कब्जा करना और उसे बेचना धंधा बना हुआ है। आज की कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों मे हड़कंप मच गया है।

Post A Comment: