उमा भारती ने किया ऐलान, 2024 में फिर से उतरेंगी चुनाव मैदान में
भोपाल 05 फरवरी, 2020                     एमपी मीडिया पाइंट

 पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती भले ही साल 2019 चुनाव में नहीं उतरी थीं, लेकिन अब साल 2024 के चुनाव को लेकर अभी से उनकी सक्रियता नजर आने लगी है। उन्होंने फिर से चुनाव ल़ड़ने का ऐलान करते हुए कहा कि वे साल 2024 में चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने सिर्फ 2019 का चुनाव लड़ने से मना किया था। हालांकि वे किस राज्य से चुनाव लड़ेंगी इसे लेकर उन्होंने अपनी कोई पसंद नहीं बताई।
उमा भारती ने कहा, मैंने 2019 का चुनाव ना लड़ने का ऐलान किया था। ये नहीं कहा था कि अब चुनाव नहीं लड़ूंगी। मैंने इस बीच गंगा की सफाई और राम मंदिर के लिए काम करने का फैसला लिया है और मैंने मन बना लिया है कि मैं अगला चुनाव लड़ूंगी।

सपना साकार

पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने कहा, अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो, इसका सपना लालकृष्ण आडवाणी और अशोक सिंघल ने देखा था। वह सपना अब पूरा हो रहा है। देश में सद्भावना के साथ नया युग शुरू हुआ है। अयोध्या में सुन्नी वक्फ़ बोर्ड को जमीन देने का प्रस्ताव और राम मंदिर के लिए ट्रस्ट की घोषणा मेरे लिए खुशी का दिन है। राम मंदिर निर्माण की दिशा में आज एक अध्याय पूरा हुआ।

अब राम राज की बारी

उमा भारती ने कहा कि राम का चरित्र भारतीय संस्कृति की पहचान है। राम मंदिर बनेगा तो इसका श्रेय कारसेवकों को जाएगा। उन्होंने कहा, राम मंदिर निर्माण का सपना पूरा हो रहा है, अब राम राज की बारी है।

पीएम मोदी का ऐलान

लोकसभा में बजट सत्र 2020 के दौरान बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या स्थित श्री रामजन्म स्थल से जुड़े न्यास के बारे में जानकारी दी। पीएम मोदी ने बताया कि ट्रस्ट का नाम श्रीरामजन्म भूमि तीर्थ होगा।
Share To:

Post A Comment: