12वीं का एग्जाम एक साथ दे रहे पिता-पुत्री इस खास वजह से किया ऐसा

- बेटी के साथ परीक्षा देकर अपना सपना पूरा कर रहे पिता
- ग्वालियर की पद्मा स्कूल सेंटर में पिता-पुत्री एक साथ दे रहे परीक्षा
- बेटी की प्रेरणा और उसकी मदद से अपनी छूट चुकी पढ़ाई पूरी कर रहे हैं पिता
ग्वालियर,एमपी मीडिया पाइंट 
मध्य प्रदेश के ग्वालियर ज़िले में आज से शुरु हुई 12वीं की परीक्षा में पिता और पुत्री दोनों एक साथ एक ही सेंटर पर परीक्षा दे रहे है. पद्मा स्कूल सेंटर पर 47 साल के बाल किशन अपनी 18 वर्षीय बेटी के साथ परीक्षा दे रहे हैं. आर्थिक तंगहाली में 20 साल पहले पढ़ाई छोड़ चुके बाल किशन को बेटी से पढ़ाई की प्रेरणा मिली. दैनिक वेतनभोगी बाल किशन पढ़कर बैंककर्मी बनना चाहते हैं.

मजबूरी में छोड़ी पढ़ाई

ग्वालियर के बाल किशन सैनी को पारिवारिक परेशानियों के चलते स्कूली पढाई बीच में छोड़ना पड़ी थी. 20 साल बाद अब बेटी ने प्रेरणा दी तो खुद 12वीं की परीक्षा दे रहे हैं. दोनों पिता-पुत्री पद्मा स्कूल सेंटर पर एक साथ परीक्षा दे रहे हैं. ग्वालियर बावन पायगा इलाके में रहने वाले इस परिवार की बेटी तान्या रेग्यूलर छात्रा के रुप में जबकि पिता बालकिशन प्राइवेट छात्र के तौर पर परीक्षा दे रहे हैं. सोमवार को हिंदी पेपर था जिसमें पिता बाल किशन और बेटी तान्या एक साथ परीक्षा देने पद्मा स्कूल सेंटर पहुंचे थे।

बैंक के स्थाई कर्मचारी बनना चाहते हैं बाल किशन

बाल किशन ने बताया कि बरसों पहले वो अपने पिता के साथ चाट का ठेला लगाते थे. पिता के देहांत के बाद 8वीं परीक्षा पास कर घर चलाने के लिए उनको स्कूल छोड़कर काम करना पड़ा. बालकिशन किसी तरह यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में दैनिक वेतन भोगी के रुप में काम करने लगे. जब बेटी तान्या बड़ी हुई तो उसने 10वीं क्लास से पिता बालकिशन को पढ़ाई के लिए प्रेरित किया. बाल किशन के मुताबिक वो 12वीं के बाद आगे भी पढ़ना चाहता है. उसकी कोशिश है कि वह बैंक का नियमित कर्मचारी बन जाए ताकि परिवार को आर्थिक रूप से मजबूत कर पाए.

 कोशिश से खुश है तान्या

बेटी तान्या अपने पिता की इस कोशिश से बेहद खुश है. उसका कहना है कि पढ़ाई की कोई उम्र नहीं होती है. उसे खुशी है कि वो अपने पिता के साथ ही 12वीं की परीक्षा दे रही है. तान्या ने बताया कि दोनों पिता-पुत्री एक साथ पढ़ाई करते हैं, और परीक्षा के बाद एक दूसरे से पेपर को लेकर डिस्कशन करते हैं।
Share To:

Post A Comment: