नवरात्रि में बंद रहेगा सुविख्यात देवी धाम सलकनपुर,
16 अक्टूबर से 2 नवंबर तक लिया गया बंद करने का निर्णय,
 आज शुक्रवार को आयोजित की गई थी बैठक


रेहटी(मध्यप्रदेश), एमपी मीडिया पाइंट

नवरात्रि में भक्तों को सलकनपुर स्थित मां विजयासन धाम के दर्शन नहीं हो सकेंगे। कोरोना महामारी के चलते सांसद, कलेक्टर, एसपी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक में यह निर्णय लिया गया।
इस दौरान सलकनपुर मंदिर 16 अक्टूबर से 2 नवंबर तक बंद रहेगा नवरात्रि में मंदिर के पुजारियों द्वारा माता की विधिवत पूजा-अर्चना प्रतिदिन की जाएगी। मंदिर बंद रखने को लेकर अभी आदेश जारी नहीं हुए हैं। लेकिन सर्वसम्मति से इस पर निर्णय ले लिया गया है।

आगामी 17 अक्टूबर से नवरात्रि प्रारंभ हो रही है। शुक्रवार को सलकनपुर में एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सांसद रमाकांत भार्गव ने कहा कि कोरोना महामारी अभी पूरी तरह से समाप्त नहीं हुई है। भोपाल, इंदौर सहित प्रदेशभर में इसके पाॅजिटिव मरीज लगातार सामने आ रहे हैं।  इसलिए इसका खतरा अब भी बरकरार है। कोरोना महामारी को रोकने के लिए इसके बनाए गए नियमों का पालन कराना अब भी जरूरी है। इसलिए इस बार भी नवरात्रि में मेला नहीं लगाया जाए एवं मंदिर भी नवरात्रि में बंद रखा जाए।
उन्होंने कहा कि नवरात्रि के दौरान सलकनपुर में देशभर से बड़ी संख्या में दर्शनार्थी दर्शन के लिए आते हैं, ऐसे में खतरा ज्यादा है।
पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह राजपूत ने कहा कि कोरोना महामारी के कारण इस बार भी नवरात्रि के दौरान मेले का आयोजन नहीं किया जाए और मंदिर भी बंद रखा जाए, ताकि कोरोना के मरीजों पर अंकुश लग सके। भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मालवीय ने भी इस बात का समर्थन किया।
 बैठक में जिला कलेक्टर अजय गुप्ता, पुलिस अधीक्षक एसएस चौहान सहित बुधनी एसडीएम शैलेंद्र हिनोतिया एवं प्रशासनिक अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।

Share To:

Post A Comment: