दो विभागों के बीच फंसा भाऊँखेड़ी का मेनरोड
राजेश बनासिया, भाऊँखेड़ी
इछावर तहसील के सबसे बड़े गांवों मे शुमार भाऊँखेड़ी के रहवासियों की सबसे बड़ी समस्या यह है कि हज़ारों लोग जिस रास्ते से दिन-रात गुजर रहे हैं वही रोड वर्षों से दुर्दशा का शिकार है। दिक्कत यह है कि गांव की यह मेन रोड दो विभागों के दांव-पेच मे फंसी है और इसी वजह के चलते रोड का उद्धार नहीं हो पा रहा। पंचायत कहती है कि यह मेन रोड पीडब्ल्यूडी के अंडर मे है इससे हमारा कोई वास्ता नहीं दूसरी तरफ पीडब्ल्यूडी रोड का सर्वे कराते हुए निर्माण के विषय मे हाथ खड़ा कर देती है नतीजतन वर्षों बाद भी रोड की हालत जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीण कमलसिंह वर्मा
ग्रामीण आशुतोष व्यास
इस समय ब्लाक के गांव भाऊँखेड़ी में गलियों व गांव के कुछ मुख्य मार्गो पर सीमेंट-कांक्रीट कार्य चल रहा है मगर गांव का सबसे प्रमुख मार्ग दो विभागों के बीच मे फंस कर रह गया है। खासबात यह है कि यह वह मार्ग है जिसपर प्राचीन शिवालय,प्रसिद्ध दुर्गा ज्वालादेवी मंदिर,शासकीय माध्यमिक शाला,प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र,पंचायत कार्यालय,विद्युत विभाग का आफिस स्थित है प्रतिदिन हजारों ग्रामीण इस असुविधाजनक मार्ग से गुजरते हैं और और शासन के विभागों व जनप्रतिनिधियों को कोसते हैं।
ग्रामीण कहते हैं कि अब इस रोड से चलना दूभर हो चुका है और ये वही रोड है जिसके लिए पूर्व विधायक शैलेन्द्र पटेल ने अमलाहा से भाऊँखेड़ी तक पद यात्रा भी की व इसी रोड पर बारिश के दिनों में नाव चलाकर प्रदेश की पूर्व भाजपा सरकार का ध्यान आकर्षित किया मगर फिर भी आज तक यह रोड अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है। ग्रामीण कमलसिंह वर्मा कहते हैं कि हमे तो ये पता है कि रोड सरकारी है चाहे वह किसी भी विभाग के अंतर्गत आता हो, हमे यह मालूम है कि पहली मर्तबा यह रोड बना था तो उसे पंचायत ने ही बनवाया था तब गांव के सरपंच बद्रीप्रसाद वर्मा हुआ करते थे। फिर चाहे कोई भी विभाग के अधीन हो हमे मक्सद इतना है कि रोड बनाया जाए। जब पंचायत सचिव ताराचंद प्रजापति से बात की गई तो उन्होंने बताया कि यह रोड हमारी पंचायत के आधीन नहीं आता और जहां तक हमारे आधीन है वहाँ कांक्रीट कार्य हो चुका है जो शेष रह गया है वह पीडब्ल्यूडी का रोड है व उसका सर्वे कार्य पीडब्ल्यूडी ने कर लिया है।दो विभागों के बीच उलझे ग्रामीणों की मांग है कि जल्द ही रोड को दोनों विभाग में से किसी एक कि जिम्मेदारी में लेकर खस्ता हाल रोड को दुरुस्त किया जाए।


Post A Comment: