राज्य की प्रवीण्य सूची में जिले के उत्कृष्ट विद्यालय के छात्र ने बाजी मारी
हायर सेकेंड्री की जिले की प्रवीण्य सूची में शासकीय
विद्यालयों के छात्र एवं छात्राओं का कब्जा

सीहोर 15 मई,2019
एमपी मीडिया पाइंट 

      माध्यमिक शिक्षा मण्डल भोपाल द्वारा हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्ड्ररी के परीक्षा परिणाम बुधवार को घोषित किये गए है। हायर सेकेंड्री स्कूल परीक्षा 2019 में जिले में 18375 परीक्षार्थियों में से 10823 विद्यार्थी उत्तीर्ण रहे। सीहोर जिले का हायर सेकेंड्री स्कूल परीक्षा परिणाम 59.31 प्रतिशत रहा।
      हायर सेकेंड्री की प्रवेश प्रदेश स्तरीय प्रवीण्य सूची में मनीष रघुवंशी शासकीय उत्कृष्ट उमावि सीहोर ने 500 में से 476 अंक प्राप्त कर आठवां स्थान प्राप्त किया। शासकीय विद्यालयों के छात्र एवं छात्राओं ने भी बाजी मारी। कला समूह में स्वर्गीय प्योर सिंह चौहान शासकीय उमावि छीपानेर की छात्रा कु.आरती चौहान ने 500 में से 400 अंक, शासकीय उत्कृष्ट उमावि सीहोर के छात्र आदित्य जैन ने गणित समूह में 500 में से 467 अंक, कामर्स समूह में शासकी आदर्श बालक हायर सेकेंड्री स्कूल नसरुल्लागंज के छात्र विकास पंवार ने 500 में से 473 अंक तथा कृषि समूह में शासकीय उमावि खामखेड़ा जत्रा के छात्र सुनील राजपूत ने 500 में से 452 अंक प्राप्त कर जिले की प्रवीण्य सूची में स्थान प्राप्त किया है।
      इसी प्रकार हाईस्कूल परीक्षा 2019 में जिले में 21306 परीक्षार्थियों में से 13218 विद्यार्थी उत्तीर्ण रहे। सीहोर जिले का हाई स्कूल का परीक्षा परिणाम 62.69 प्रतिशत रहा। हाई स्कूल की प्रवेश प्रदेश स्तरीय प्रवीण्य सूची में जय जाट, होली एंजल स्कूल आष्टा से 500 में से 493 अंक प्राप्त कर प्रवीण्य सूची में छटवां स्थान, कु.दीपिका नूतन बाल विद्या मंदिर सीहोर एवं कु. आंचल शर्मा लूर्द माता हाईस्कूल सीहोर ने 500 में से 490 अंक प्राप्त कर नवां स्थान, कु. आरती मीना गायत्री विद्या मंदिर चरनाल ने 500 में से 489 अंक प्राप्त कर प्रवीण्य सूची में दसवां स्थान प्राप्त किया है।
----------------                                                            
शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने पर कलेक्टर ने की निलंबन की कार्यवाही

सीहोर 15 मई,2019
एमपी मीडिया पाइंट 
      
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री गणेश शंकर मिश्रा द्वारा म.प्र. सिविल सेवा नियम 1966 (आचरण तथा वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील नियम) के नियम 9,10 एवं 14 के अन्तर्गत तत्काल प्रभाव से सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण तदर्थ सहायक ग्रेड-3 श्री अरुण सक्सेना पर निलंबन की कार्यवाही की है।
      सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण तदर्थ सहायक ग्रेड-3 अरुण सक्सेना को कार्यालयीन लेखा शाखा एवं मुख्यमंत्री विवाह/निकाह योजना में वित्तीय लापरवाही एवं अपने कार्यों में लापरवाही बरतने के आरोप निलंबित कर दिया गया है। श्री सक्सेना को निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह-भत्ता प्राप्त करने की पात्रता होगी। निलंबन अवधि में श्री सक्सेना का मुख्यालय जिला पंचायत सीहोर में नियत किया गया है।
Share To:

Post A Comment: