अच्छे नागरिक बन देश की तरक्की में दें योगदान-एसके नागौत्रे
सीहोर, 28 नवंबर,2019 एमपी मीडिया पाइंट
हम जब भी कोई बात या चर्चा करते हैं तो किसी दूसरे के दोष को ही बताया जाता है। हमारा फर्ज और हमारा दायित्व क्या है यह हम अकसर भूल जाते हैं। यहां पर बात हो रही है नागरिक होने पर गर्व की, इससे हमें नागरिक होने पर गर्व होना चाहिए। मगर पहले यह सोचें कि क्या हम गर्व करने के विषय पर संवेदनशील हैं। क्या हम वाकई में एक अच्छे नागरिक होने के सारे नियम समझते हैं। उक्त विचार श्री सत्य सांई युनिवर्सिटी में आयोजित संविधान दिवस पखवाड़े पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान एस के नागौत्रा अपर जिला न्यायाधीश, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने व्यक्त किए।
इस मौके पर उन्होंने अच्छे नागरिक बनाए जाने और संविधान का पालन कराए जाने की शपथ ग्रहण कराई और अनुच्छेद 51-ए-39 एवं मौलिक अधिकारों के बारे में यहां पर उपस्थित विद्यार्थियों को बताया।
उक्त कार्यक्रम के दौरान श्री सत्य सांई युनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. मुकेश तिवारी ने कहाकि नागरिक होना ही गर्व करने के लिए काफी नहीं है। नागरिक होने पर गर्व हमें तब ज्यादा होगा जब हम जीवन में संस्कारों को महत्व देंगे और संस्कार, शिष्टाचार तथा नैतिक मूल्यों को समझेंगे। हमें अच्छा नागरिक बन देश की तरक्की में योगदान देना चाहिए और शिक्षा ग्रहण करने के बाद अपने कर्तव्यों का निर्वाहन पूरी कुशलता और ईमानदारी से करना चाहिए। उन्होंने सभी गणमान्य अतिथियों का आभार प्रकट किया। वहीं विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान कुल सचिव डॉ.जीआर सिलोकर आदि मौजूद थे।

Post A Comment: