किसी भी सूरत में रेत का अवैध उत्खनन एवं परिवहन नहीं होने दिया जाएगा - प्रभारी मंत्री अकील

सीहोर 28 नवंबर,2019                             एमपी मीडिया पाइंट 

 

 गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला योजना समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता गैस त्रासदी, राहत एवं पुर्नवास, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग विभाग मध्यप्रदेश शासन तथा सीहोर जिले के प्रभारी मंत्री श्री आरिफ अकील ने की। बैठक के दौरान जलसंसाधन, विद्युत नगरीय प्रशासन एवं खनिज विभाग की समीक्षा की गई।

      प्रभारी मंत्री ने खनिज विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि जिला प्रशासन रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए हुए है। किसी भी सूरत में रेत का अवैध उत्खनन एवं परिवहन नहीं होने दिया जाएगा। खनिज अधिकारी ने जानकारी दी कि अप्रैल से नंबवर माह तक अवैध उत्खनन के 102 प्रकरणों में 9,61,19,907 रुपये अर्थदण्ड लगाया गया था जिसमें से 93,48,927 रुपये का अर्थदण्ड वसूल कर सीहोर जिले ने प्रदेश में दूसरा तथा अवैध परिवहन के 401 प्रकरणों में 2,96,36,928 रुपये का अर्थदण्ड लगाया गया था जिसमें से 2,15,61,928 रुपये का अर्थदण्ड वसूल कर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
      बैठक में कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि जिले में मध्यम परियोजना 03 एवं 01 मध्यम उद्वहन सिंचाई योजना व 66 लघु सिंचाई तालाब एवं 10 लघु उद्वहन सिंचाई योजना तथा 193 बैराज कुल 273 सिंचाई योजनाओं से सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि सीहोर में रबी फसल में 49953 हैक्टेयर में सिंचाई की जाएगी।
      प्रभारी मंत्री अकील द्वारा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी को निर्देश दिए गए कि पानी की चोरी रोकने के लिए दल का गठन किया जाए। उन्होंने इछावर में नाले की मरम्मत के लिए सौंपी गई जांच के संबंध में भी जानकारी ली।
      विद्युत विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि अप्रैल से अक्टूबर तक जिले में 473 खराब ट्रांसफार्मर बदले जा चुके हैं। इसी प्रकार बैठक के दौरान समस्त विभागों में संचालित योजनाओं एवं कार्य प्रगति की समीक्षा प्रभारी मंत्री द्वारा की गई।
      बैठक में कलेक्टर अजय गुप्ता, पुलिस अधीक्षक शशीन्द्र चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती उर्मिला मेरठा, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती अमिता अरोरा, इछावर विधायक करण सिंह वर्मा, आष्टा विधायक  रघुनाथ सिंह मालवीय सहित समिति सदस्य उपस्थित थे।
Share To:

Post A Comment: