वन विभाग इछावर की बड़ी कार्रवाई,
पांच लाख रुपये की लकड़ी और 20 लाख का ट्रक जब्त,
दो आरोपी भी गिरफ्तार,
कार्रवाई के दौरान वन विभाग का वाहन भी दुर्घटनाग्रस्त,
चार वनकर्मी घायल

इछावर 07 जनवरी,2020 एमपी मीडिया पाइंट
सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात वन विभाग इछावर ने लकड़ी माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए, पांच लाख रुपये मूल्य की अवैध खेर की लकड़ी और 20 लाख रुपये का ट्रक जब्त करने मे सफलता प्राप्त की। खासबात यह रही कि इसबार दो आरोपी भी विभाग के हत्थे चढ़ गए।
इछावर रेंजर राजकुमार शिवहरे ने बताया कि इछावर रेंज के दौलतपुर जंगल से ट्रक आरजे40 जीए590 मे खेर की लकड़ियां लोड की गई थीं जिसे गुड़गांव हरियाणा ले जाया जा रहा था। मुखबिर की सूचना पर विभागीय अमले ने समूचे रेंज की नाकाबंदी की और ग्राम धामंदा के नजदीक ट्रक और दो आरोपी को धरदबोचा। इस कार्रवाई को अंजाम देने मे विभागीय टीम की एक बोलेरो वाहन भी दुर्घटनाग्रस्त हुआ जिसमे चार वनकर्मी घायल हुए।
रेंजर शिवहरे ने बताया कि मुखबिर की सूचना के पश्चात पूरे रेंज मे जाल बिछाते हुए कार्रवाई को अंजाम दिया गया जिसमे करीब-करीब पूरी रात का समय लग गया। कार्रवाई की गति इतनी तीव्र थी कि एक टीम का बोलेरो वाहन ग्राम चेनपुरा के नजदीक दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिसमें चार वनकर्मियों को गंभीर चोटें आई। एक वनकर्मी शरद रंजन को भोपाल रेफर किया गया जबकि तीन का उपचार जिला चिकित्सालय सीहोर मे जारी है।
जब्त की गई खेर की लकड़ी का मूल्य पांच लाख व ट्रक का मूल्य 20 लाख रुपये है। वन विभाग की उक्त कार्रवाई मे गुड़गांव जिला हरियाणा निवासी दो आरोपी तालीम एवं शौकत अली को भी गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को मंगलवार को ही न्यायालय मे पेश कर जेल भेजने की तैयारी है।

Post A Comment: