मुरैना में आयोजित स्टेट वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में सीहोर को मिले एक दर्जन पदक,
सीहोर की चार बेटियों ने स्टेट चैम्पियनशिप में हासिल किए चार गोल्ड

सीहोर 01 दिसंबर, 2019 एमपी मीडिया पाइंट
रविवार को मुरैना में आयोजित राज्य स्तरीय सीनियर वेटलिफ्टिंग चैम्पियनशिप में सीहोर की चार बेटियों ने गोल्ड हासिल कर चैम्पियनशिप पर कब्जा किया। वहीं आधा दर्जन से अधिक वेटलिफ्टिरों ने भी शानदार प्रदर्शन कर एक दर्जन पदक हासिल किए। बालिका वर्ग में प्रदेश स्तरीय बेस्ट वेटलिफ्टिर का खिताब तनिशा शर्मा और बालक वर्ग में विश्वजीत राजपूत को दिया गया। जिन्होंने प्रतियोगिता में शामिल जबलपुर, ग्वालियर, इंदौर, भोपाल और रीवा के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था। सीहोर टीम में शामिल हर खिलाड़ी ने प्रतियोगिता में पदक हासिल किया।
इस संबंध में वेट लिफ्टिंग कोच मोहन पाराशर ने जानकारी देते हुए बताया कि मुरैना में आयोजित स्टेट वेटलिफ्टिंग चैम्पियनशिप का आयोजन किया गया था। इस प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के अनेक जिलों की टीमों ने भाग लिया। इस मौके पर सीहोर से 12 वेटलिफ्टिरों ने चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक दर्जन पदक हासिल किए। जिसमें बालिका वर्ग में गोल्ड पदक हासिल करने वालों में शामिल है। 55 किलोग्राम में तनिशा शर्मा, 64 किलोग्राम में शीतल राजपूत, 71 किलोग्राम में रचना वर्मा, 79 किलोग्राम में शीतल वर्मा। इसके अलावा बालक वर्ग में 67 किलोग्राम में यशमीत शर्मा, 89 किलोग्राम में विश्वजीत राजपूत शामिल है।
सिल्वर पदक हासिल करने वालों में 45 किलोग्राम में में तनु मेवाड़ा, 61 किलोग्राम में भगवत रघुवंशी, 77 किलोग्राम में अभिषेक कुशवाहा और 103 किलोग्राम में कान्हा त्यागी शामिल है। वहीं ब्राउंस पदक हासिल करने वालों में 45 किलोग्राम में में रानी नायक और गायत्री शामिल है। उक्त विजेता खिलाडिय़ों का लौटने पर भव्य स्वागत किया जाएगा। इनमें से अधिकांश खिलाड़ी बिलकिसगंज के स्वामी विवेकानंद आदर्श विद्यालय में अभ्यास करते है और उनकी कामयाबी पर वेट लिफ्टिंग कोच मोहन पाराशर आदि सभी प्रयासरत है। इससे पूर्व भी पदक हासिल करने वालों में वेट लिफ्टिर विश्वजीत सिंह राजपूत, तनिशा शर्मा, कान्हा त्यागी आदि ने सीहोर का नाम प्रदेश और देश में रोशन किया है। खिलाडिय़ों की इस कामयाबी पर कलेक्टर अजय गुप्ता, पुलिस अधीक्षक एसएस चौहान, जिला शिक्षा अधिकारी श्री बिसेन, वेट लिफ्टिंग एसोसिएशन के सत्यनारायण वारिया, मनोज दीक्षित मामा, शैलेन्द्र चौहान, नजीब खान, भरत सोनी आदि ने बधाई दी है।

Post A Comment: