लेखिका


कविता - एक बूढ़ी दादी


दरख़्त की
शुष्क शाखाओं से
बेसुध-बेबस
लटकी रहती हैं
बूढ़ी दादी,
इस उम्मीद में
कि
कोई तो एक प्रहर
वहाँ से गुजरेगा,
उनको देखकर
पसीजेगा।
हाथ बढ़ाकर
तन्हाई की कील से
नीचे उतारेगा।

आँगन के
बासी अँधेरे कोने में
गुमसुम तन्हा
अटकी रहती हैं
बूढ़ी दादी,
इस उम्मीद में
कि
कोई तो एक प्रहर
उन्हें अपने हाथों से
स्नेह की रोटी परोसेगा
   आदर से पुकारेगा।
बड़े चाव से
खाना वह खायंेगी
और, सुकून भरी
मीठी नींद ले पायेंगी।

बूढ़ी दादी का मन
व्यथित था-
देखकर अपनों का दोगलापन
अपने बच्चों का सौतेलापन,
बच्चों ने
सारी संपत्ति छीनकर
सड़कों पर भटकने को
छोड़ दिया,
अपनों ने उनसे
मुँह मोड़ लिया।

हजार अटकलें आयीं
मगर...
ऐसा दिन कभी नहीं आया
वह तूफानों से जूझती रहीं
बस न खोया, न कुछ पाया।

दिन-प्रतिदिन,
नैराश्य के कुहासे से घिरती गयी।
सूख चुका था,
उनकी आँखों का पानी।
     फिर उस दिन...
बगीचे में,
एक अनाथ लड़की ने
बूढ़ी दादी को
’दादी जी’ कहकर पुकारा,
बूढ़ी दादी ने भी
लड़की को प्यार से दुलारा।
   
   एक वही सुबह...
जीवन में
उजियारा लेकर आयी थी,
बूढ़ी दादी का मन हर्षाया
चलो-
किसी ने तो ’दादी जी’ बुलाया।
कम से कम जीते जी
’दादी जी’ तो कहलायी।
बिना एक क्षण गँवाये
बूढ़ी दादी ने लड़की का हाथ
ममता से थाम लिया
पति के
स्वर्ग सिधारने के बाद
अपने बच्चों के
दुत्कारने के बाद

आखिर मंे-
बूढ़ी दादी को भी,
एक रिश्ता
अपनेपन का मिला,
जिसने सूनेपन की
उधड़ी चादर को
अधिकारों से सिला।
-----------------------

परिचय

अनुभूति गुप्ता, लखीम पुर खीरी , उत्तरप्रदेश की निवासी हैं। उच्च शिक्षित बहुमुखी प्रतिभा की धनी हैं। साहित्य सेवा में कविता, कहानी, लघुकथा, हाइकु, क्षणिकाएं आदि लिखने के साथ प्रकाशन एवं संपादन, स्वतंत्र लेखिका एवं चित्रकार (रेखाचित्र, जलरंग चित्र, पेस्टल ड्राइंग), नेचर फोटोग्राफर, कवर डिज़ाइन एवं logo डिजाइन.. आदि में भी आपको महारत हासिल है। विभिन्न पत्र पत्रिकाओं में आपकी रचनाएँ प्रकाशित होती रहती हैं। काव्य कोष में भी आपकी कविताओं का संग्रह है।
बाल सुमन (बाल-काव्य संग्रह), कतरा भर धूप (काव्य संग्रह), अपलक (कहानी संग्रह) आदि का प्रकाशन हो चुका है। पत्थर की संवेदनाएं (रेखाचित्र संग्रह) शीघ्र प्रकाशित होने वाला है। आपके रेखा चित्र भी विभिन्न पत्र पत्रिकाओं में प्रकाशित होते रहते हैं। आपको अनेक सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। कई पुस्तक एवं पत्रिकाओं का संपादन भी आपके द्वारा किया जा चुका है। एमपी मीडिया पॉइंट पर आपका स्वागत है।
संपादक
Share To:

Post A Comment: