आष्टा मे वृक्ष गिरने से युवक की मौत


तेज हवा के कारण सीहोर जिले के आष्टा तहसील मुख्यालय पर एक वृक्ष अचानक धराशायी हो गया जिससे दलीप पिता बाबूलाल  नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। मृतक अरनिया राम निवासी बताया जा रहा है। वहीं आष्टा तहसील के देवनखेड़ी मे आकाशीय बिजली गिरने से केशरसिंह ठाकुर के भैंस की भी मौत हो गई


 बिजली गिरने से मौत

दूसरी घटना अहमदपुर थानांतर्गत घटित हुई बताया जा रहा है जिसमे ग्राम लालाखे़ड़ा मे आकाशीय बिजली गिरने से अजमतनगर निवासी जयराम नामक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक का शव पीएम के लिए सीहोर लाया गया


मोगराराम मे वृक्ष, बिजली पोल गिरे गांव अंधकार मे डूबा

सीहोर तहसील के गांव मोगराराम मे हवा की गति इतनी तेज थी कि बिजली के खंबे गिर गए और कई वृक्ष जड़ समेत जमीदोज़ हो गए।लोग जान बचाकर काफी देर तक घरों मे दुबके रहे। विद्युत पोल गिरने के कारण पूरा मोगराराम गांव अंधकार मे डूबा हुआ है। 
आंधी-बारिश के कारण इछावर,आष्टा,सीहोर तहसील  के कई गांवों से नुकसान के समाचार हैं। ग्रामीणों ने बताया कि आम की फसल को भारी नुकसान पहुंचा। वृक्ष से कैरियां इस कदर टूटकर गिरी की पेड़ के नीचे की पूरी जमीन हरे रंग की दिखाई देने लगी।अंचल मे हवा-बारिश का दौर रुक-रुककर अब भी जारी है।


भाऊँखेड़ी क्षेत्र मे आंधी-बारिश के कारण उड़ी चादरें 

इछावर  ब्लाक के कई गांवों मे मंगलवार शाम को अचानक तेज हवाओं के सांथ बारिश होने लगी जिससे कुछ समय के लिए भगदड़ जैसी स्थिति निर्मित हो गई। भाऊँखेड़ी मे आकाशीय बिजली दुर्गा मंदिर के शिखर को छूकर निकली जिससे गांव मे कई बिजली के उपकरण जल गए। भाऊँखेड़ी,सतपीपलिया,लसूड़िया राम,कांकरखेड़ा,कुड़ी आदि गांवों मे तेज हवाओं के कारण मकान की चादरें,खपरेलें तक उड़ गई। धूल भरी आंधी से लोगों मे कुछ मिनट तक अफरा-तफरी का माहौल खड़ा हो गया। ज्ञातव्य है कि कल सोमवार को भी भाऊँखेड़ी मे आंधी-बारिश के कारण जत्रा मे लोगों को परेशान होना पड़ा था। आज मंगलवार को यह भी संयोग रहा कि एक वर्ष पहले 16 अप्रैल 2018 को ही आंधी-तूफान के कारण भाऊँखेड़ी क्षेत्र मे काफी नुकसान हुआ था।
Share To:

Post A Comment: